हिन्दी चिट्ठाकारिता के नवीन आयाम
August 1, 2006 by सृजन शिल्पी
अनौपचारिक लेखन
चिट्ठाकारी (ब्लॉगिंग) को आम तौर पर अनौपचारिक लेखन ही माना जाता है। अनौपचारिकता शायद इसकी प्रकृति में ही है। जैसा कि मार्शल मैक्लुहान ने कहा है, “माध्यम ही संदेश है”, हर माध्यम अपने द्वारा प्रसारित संदेश और पाठक, श्रोता अथवा दर्शक पर होने वाले उसके असर को एक विशिष्ट प्रकार से अनुकूलित करता है। ब्लॉग वेब पर प्रकाशन का एक ऐसा माध्यम है, जो लेखन को पाठक तक पहुंचाने और लेखक तथा पाठक के बीच परस्पर संवाद के लिए एक सहज, तत्क्षण और अनौपचारिक विकल्प प्रदान करता है।
कोई मध्यस्थ नहीं
लेखन के इतिहास में ब्लॉग शायद पहला ऐसा माध्यम है जिसमें लेखक और पाठक के बीच में कोई मध्यस्थ नहीं है। यह लेखक और पाठक, दोनों के लिए सुकूनदायक है। किसी मध्यस्थ के माध्यम से अभीष्ट तक पहुँचना कितना पीड़ादायी है, इसे धूमिल ने अपनी प्रसिद्ध कविता में कुछ इस तरह से व्यक्त किया है:
एक आदमी रोटी बेलता है
एक आदमी रोटी खाता है
एक तीसरा आदमी भी है
जो न रोटी बेलता है न रोटी खाता है
वह सिर्फ रोटी से खेलता है
मैं पूछता हूँ कि यह तीसरा आदमी कौन है
मेरे देश की संसद मौन है।
पारंपरिक लेखन में लेखक और पाठक के बीच प्रकाशक, विक्रेता और समीक्षक आ जाते हैं। प्रकाशक और विक्रेता जहाँ लेखन से होने वाले मुनाफ़े को हड़पने के कारोबार में माहिर होते हैं, वहीं समीक्षक लेखन के मानक और लेखक के स्तर को कृत्रिम ढंग से निर्धारित करने के खेल के उस्ताद। यहाँ तक कि अंतर्जाल (इंटरनेट) आने के बाद जब वेबसाइटों के माध्यम से लेखक और पाठक के बीच की दूरी को मिटाने की क्रांतिकारी कोशिश शुरू हुई तब भी वेब प्रकाशन की तकनीकी जटिलता के कारण वेब डिजाइनरों और वेब डेवलपरों की सेवाओं का सहारा लेना आवश्यक ही रहा। वर्ष 1997 में ब्लॉग के आने के बाद से लेखक और पाठक के बीच मध्यस्थ की भूमिका लुप्त हो गई।
मुनाफ़ा और मानक का तत्व हट जाने, लेखन का सहज रूप से तत्क्षण प्रकाशित हो जाने की सुविधा मिल जाने और पाठक के बीच पैठ बना सकने के लिए पेशेवर विशेषज्ञता आवश्यक नहीं रह जाने के कारण ब्लॉग पारंपरिक लेखन की गंभीरता और औपचारिकता से अलग लेखन की एक नई शैली के विकास का माध्यम बना, जिसकी प्रकृति अनौपचारिक, समूहवादी, परस्पर संवादी और लोकतांत्रिक है।
पत्रकारिता से तुलना
पत्रकारिता में किया जाने वाला लेखन जहाँ दबाव में होता है, जिसमें डेडलाइन के भीतर और सीमित शब्द-सीमा में लिखना अनिवार्य होता है, वहीं चिट्ठाकारिता मनमर्जी का लेखन है, जिसमें आप जब चाहें और जितना चाहें, लिख सकते हैं। पत्रकारिता में संपादकीय नीति के साथ-साथ मालिकों के व्यावसायिक हित का अंकुश पत्रकारों की स्वतंत्रता पर हावी रहता है। जबकि ब्लॉगिंग में आप इस तरह के अंकुशों से मुक्त होते हैं। हालाँकि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संबंध में कुछ प्रतिबंध संविधान-सम्मत [भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(2) के अंतर्गत] हैं जो चिट्ठाकारों पर भी समान रूप से लागू होते हैं। पत्रकारिता और चिट्ठाकारिता में एक और महत्वपूर्ण अंतर है। पत्रकारिता जहाँ सामूहिक कर्म है, वहीं चिट्ठाकारिता का स्वरूप अभी तक व्यक्तिगत ही रहा है। हालाँकि कुछ चिट्ठाकार मिलकर भी चिट्ठों पर लेखन करते हैं, लेकिन ऐसा व्यापक और पेशेवर ढंग से नहीं किया जाता।
व्यावसायिकता और सामूहिकता
हिन्दी चिट्ठा जगत के नारद, जितेन्द्र चौधरी जी ने हिन्दी चिट्ठाकारिता में व्यावसायिकता की संभावनाओं पर चर्चा की है। इस विषय के दो पहलू हैं। एक तो चिट्ठाकारिता के स्वरूप को व्यक्तिगत बनाए रखते हुए व्यावसायिक संभावनाओं के दोहन का प्रयास करना। दूसरा पहलू है, चिट्ठाकारिता को सामूहिक स्वरूप प्रदान करना, जिसमें पचास-सौ या उससे भी अधिक चिट्ठाकारों की टीम मिलकर काम करे। चूँकि हिन्दी चिट्ठाकारिता से विभिन्न कार्यक्षेत्रों से संबद्ध और दुनिया के विभिन्न शहरों में निवास कर रहे पेशेवर दक्षता वाले सैकड़ों लोग जुड़े हुए हैं, इसलिए इसे सामूहिक स्वरूप भी दिया जा सकता है। इस तरह के सामूहिक प्रयास से जिस महाब्लॉग का जन्म होगा, उसमें व्यावसायिकता को प्रबंधकीय कौशल के साथ अपनाने की गुंजाइश अधिक होगी। लेकिन व्यावसायिकता और सामूहिकता, ब्लॉगिंग के स्वभाव और चरित्र में गुणात्मक बदलाव ला देगा।
बदलाव का परिदृश्य
पिछले कुछ अरसे में कई बड़े वेबपोर्टलों और मीडिया संस्थानों ने ब्लॉग के क्षेत्र में कदम रखा है। याहू, गूगल, सिफी, एमएसएन, इंडियाटाइम्स, रेडिफ और सुलेखा जैसे वेब पोर्टलों के बाद अब आईबीएन और एनडीटीवी आदि जैसे मीडिया संस्थान भी ब्लॉगिंग के क्षेत्र में धमाकेदार ढंग से उतर चुके हैं। इनसे ब्लॉगरों के लिए नई संभावनाएँ खुली हैं। ये वेबपोर्टल और मीडिया ब्लॉग चिट्ठाकारों को नागरिक पत्रकार (सिटीजन जर्नलिस्ट) और वेब जर्नलिस्ट की भूमिका में समानांतर पत्रकारिता करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं और उस रिक्त स्थान की पूर्ति करने का प्रयास कर रहे हैं जिसे मुख्यधारा की पत्रकारिता नहीं भर पा रही है। खासकर संकट के समय, जैसे कि अंडमान-निकोबार में सुनामी और मुम्बई में बाढ़ और बम विस्फोट की वारदातों के दौरान, चिट्ठाकारिता का महत्व अधिक निखर कर सामने आया है। बहुत से पत्रकार मीडिया संस्थानों के व्यावसायिक हितों और संपादकीय नीति के दबाव से मुक्त होकर लिखने के लिए चिट्ठाकारिता का सहारा लेने लगे हैं। कई पत्रकार अंशकालिक रूप से और कुछ तो पूर्णकालिक रूप से चिट्ठाकारिता को अपना चुके हैं। धीरे-धीरे यह सिलसिला जोर पकड़ रहा है। खासकर पत्रकारिता का प्रशिक्षण हासिल करके निकल रहे युवा पत्रकारों में वेब पत्रकारिता और ब्लॉगिंग को अपनाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, जो तकनीकी रूप से कुशल और प्रशिक्षित हैं। उनमें से कई ब्लॉगिंग को ‘सोहो’ (स्मॉल ऑफिस होम ऑफिस) के रूप में अपनाने और घर बैठे रोजगार पाने की संभावनाएँ टटोल रहे हैं।
तेजी से बदल रहे इस परिप्रेक्ष्य में चिट्ठाकारिता के स्वभाव और चरित्र में गंभीरता आ रही है जो तत्व इसकी शुरुआती प्रकृति में नहीं था। ब्लॉग पर शब्दों के साथ-साथ फोटो, ऑडियो और वीडियो के प्रकाशन की सुविधा सहज हो जाने के कारण अब चिट्ठाकारिता अपने आप में एक संपूर्ण और स्वतंत्र विधा बनकर उभर रही है। आने वाले दिनों में इस बात की प्रबल संभावना है कि लोग रोजगार की दृष्टि से चिट्ठाकारिता को पेशेवर रूप से अपनाना शुरू करें। कुछ युवकों ने तो शुरुआत कर भी दी है और अब वे अच्छी कमाई भी करने लगे हैं। रविशंकर श्रीवास्तव, जो रवि रतलामी के नाम से हिन्दी ब्लॉग जगत में मशहूर हैं, संभवतया हिन्दी के पहले पूर्णकालिक चिट्ठाकार हैं। उन्होंने हिन्दी चिट्ठाकारिता की व्यावसायिक संभावनाओं को टटोलने और दोहन करने की शुरुआत की है।
अनपेक्षित हस्तक्षेप की आशंका
लेकिन चिट्ठाकारिता में यदि व्यवसाय और मुनाफे का तत्व जुड़ेगा तो जाहिर है कि इसमें बिचौलिए भी अवश्य घुसेंगे, क्योंकि जहाँ कहीं मुनाफे की संभावना होती है बिचौलिए सूँघकर उसमें घुसपैठ कर जाते हैं और फिर तेजी से उस क्षेत्र पर कब्जा कर लेते हैं। यदि चिट्ठाकारिता के साथ ऐसा होता है तो बहुत घातक होगा। इसके अलावा, उस परिस्थिति में चिट्ठाकारिता आय कर और सेवा कर के दायरे में भी आ जाएगी। क्या हम ऐसा होने से रोक सकेंगे? जो लोग कंसल्टेंसी एवं कंटेन्ट प्रोवाइडर फर्म की तर्ज पर ब्लॉगिंग से संबंधित सेवाएँ शुरू करने की दिशा में सोच रहे हैं, उन्हें इस पहलू पर भी विचार करना चाहिए।
प्रतिबंध के सबक
हाल ही में संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के एक आदेश के तहत कुछ चिट्ठों पर पाबंदी लगाने के प्रयास में इंटरनेट सेवा प्रदाताओं ने कई लोकप्रिय ब्लॉग सेवाओं को प्रतिबंधित कर दिया था, जिसकी वजह से लाखों ब्लॉगरों को दिक्कत हुई थी। मीडिया और ब्लॉगर समुदाय के कड़े प्रतिरोध के बाद वह प्रतिबंध तो अधिकांशत: हटा लिया गया, लेकिन हो-हल्ला शांत हो जाने के बाद कुछ इंटरनेट सेवा प्रदाताओं ने यह पाबंदी फिर से लगा दी है, जिसमें भारत सरकार का राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एन.आई.सी.) भी शामिल है, जिसकी पहल पर पाबंदी की उक्त कार्रवाई की गई थी। हमारे नौकरशाह निषेधात्मक कार्रवाई करने के मामले में गजब की चुस्ती और उत्साह का परिचय देते हैं। ऐसा करके लोगों को परेशान करने में उन्हें परमानंद रस की प्राप्ति होती है। इस पाबंदी से एक बात तो जाहिर हो गई है कि सरकार अब ब्लॉगिंग को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और इसके दुरुपयोग की आशंकाओं के प्रति कुछ अधिक सक्रियता से सचेत है। इसलिए हमें आत्मसंयम और सकारात्मक चिंतन के साथ चिट्ठाकारिता को आगे बढ़ाने की विशेष जरूरत है। इसको ध्यान में रखते हुए चिट्ठाकारों के लिए आदर्श आचार संहिता को अपनाया जाना जरूरी है। नारद ने इस तरह की संहिता तैयार करने की दूरदर्शिता दिखाकर प्रशंसनीय पहल की है।
मेरी सोच
वर्ष 2004 में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने युवकों को भारत-2020 के मिशन की दिशा में कार्य करने के लिए आगे आने का आह्वान किया था। उसी से प्रेरित होकर मैंने चिट्ठाकारिता की तरफ कदम बढ़ाए। आरंभ मैंने अंग्रेजी से किया, लेकिन बाद में अनुभव हुआ कि हिन्दी में चिट्ठाकारी अधिक प्रभावी और उपयोगी सिद्ध होगी। मैं समझता हूँ कि यदि अधिक से अधिक प्रतिबद्ध चिट्ठाकार मिलकर भारत-2020 के लक्ष्य की दिशा में कार्य कर सकें तो हम शायद कोई महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल कर सकेंगे। पत्रकारिता भी शुरुआती दौर में मिशन के भाव से प्रेरित हुई थी। व्यावसायिकता का समावेश उसमें बाद में हुआ। हम हिन्दी चिट्ठाकारिता की शुरुआत भी इसी तरह से कर सकते हैं। मिशन चिट्ठाकारी हमें समाज और राष्ट्र में जिम्मेदार और कारगर भूमिका निभाने वाले प्रभावशाली वर्ग के रूप में स्थापित करेगा, जिससे ब्लॉगिंग की साख बढ़ेगी। जिस तरह से हम पत्रकारिता के इतिहास का अध्ययन करते समय स्वतंत्रता आंदोलन में भारतीय भाषायी पत्रकारिता के योगदान को याद करते हैं, उसी तरह भारत को विकसित देश का दर्जा दिलाने के अभियान में हिन्दी चिट्ठाकारिता की भूमिका हो सकती है। रोजी-रोटी के लिए और अपनी भौतिक प्रगति के लिए हम पहले से किसी न किसी पेशे में कार्यरत हैं ही, हमें अपने व्यक्तिगत आय के लिए चिट्ठाकारिता को अपना मुख्य पेशा बनाने की आवश्यकता शायद नहीं है। फिर भी, हिन्दी चिट्ठाकारिता की व्यावसायिक संभावनाओं का पता लगाया जाना चाहिए और यथासंभव आय प्राप्ति की कोशिश करनी चाहिए। चिट्ठाकार चाहें तो वे अपने चिट्ठे के माध्यम से अपनी विशेषज्ञता के क्षेत्र में ऑनलाइन सेवा प्रदान करके भी आय प्राप्त कर सकते हैं। मैं स्वयं वैकल्पिक न्याय (अल्टरनेटिव डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन) के क्षेत्र में इस तरह की सेवा शीघ्र ही शुरू करने जा रहा हूँ। हिन्दी चिट्ठाकारों को इस तरह से प्राप्त होने वाली अतिरिक्त आय को किसी साझे कोष में जमा किया जा सकता है, जिसे भारत-2020 के लक्ष्य के लिए समुचित रूप से व्यय किया जा सकता है। यदि हम ऐसा करना चाहें तो इसके लिए हम एक ट्रस्ट की स्थापना कर सकते हैं। ऐसा करके हम आय कर विभाग और बिचौलियो के अनचाहे हस्तक्षेप से भी चिट्ठाकारिता को बचा सकेंगे।








बहुत सही सृजनशिल्पी जी।मै आपकी इस पहल का हार्दिक स्वागत करता हूँ।
सिर्फ़ ब्लॉगर मीट मे ही क्यों, दरअसल हमे इस विषय पर चर्चा हर स्तर पर करनी चाहिए। मै तो कहता हूँ कि हर ब्लॉगर इस विषय पर अपने विचार लिखे। क्यों ना इस विषय पर अगला अनुगूँज ही आयोजित किया जाए? हमारा उद्देश्य हिन्दी को वैब पर उचित स्थान दिलाना होना चाहिए। ब्लॉगिंग और कन्टेन्ट प्रोवाइडर सेवा तो इसके शुरुवाती चरण है। अभी मंजिल दूर है लेकिन कुछ कुछ तस्वीर साफ़ होती दिख रही है।
आशा है आप और बाकी दूसरे साथी ब्लॉगर, दिल्ली ब्लॉगर मीट में इस पर चर्चा करके और उस चर्चा का विवरण अपने ब्लॉग के माध्यम से प्रदान करेंगे। दिल्ली ब्लॉगर मीट के लिये शुभकामनाओं के साथ।
बात निकली है तो दूर तलक जायेगी. दिल्ली ब्लॉगर मीट में इन संभावनाओं के दोहन पर विमर्श तो होगा ही. जीतू भाई की सलाह भी काबिले गौर है… इस बार इस विषय पर अनुगूंज का आयोजन संभवत कुछ नये विचारों को जन्म दे. तो जीतू भैया, शुभस्य शीघ्रम.
अभी भी ज्यादातर चिट्ठाकार आत्मसुख के लिये मनमर्जी विषयों पर लिख रहे हैं। अगर सामूहिक रूप से एक निश्चित उद्देश्य के लिये लिखने लगे तो वो विधा समाज के लिये उपयोगी तो जरूर होगी पर चिट्ठाकारिता के स्वाभाविक चरित्र से अलग होगी ।
आपका ये रोचक लेख इस विषय के संपूर्ण बिन्दुओं को छूता हुआ गुजरता है ।
…रवि रतलामी के नाम से हिन्दी ब्लॉग जगत में मशहूर हैं, संभवतया हिन्दी के पहले पूर्णकालिक चिट्ठाकार हैं। उन्होंने हिन्दी चिट्ठाकारिता की व्यावसायिक संभावनाओं को टटोलने और दोहन करने की शुरुआत की है।…
पूर्णकालिक चिट्ठाकार ? धन्यवाद, और संभवतः. हाँ, मैंने हिन्दी चिट्ठाकारिता की व्यावसायिक संभावनाओं को दोहन करने की शुरुआत भी कर दी है. परंतु अभी तो यह ऊँट के मुँह में जीरा के समान है. महीने भर में आंकड़ा दहाई से पार ($) नहीं जा रहा. उम्मीद करते हैं कि तीन-चार साल में ही आंकड़ा सैकड़ा तक तो पहुँच ही जाएगा
भारत को २०२० तक विकसित देखने में बहुत से उप-उद्देश्य पूरे करने होंगे:
१) हिन्दी को भारत के भीतर और बाहर उसका सम्मानित स्थान दिलाना,
२) देश को हरियाली से भर देना
३) देश से भ्रष्टाचार का निर्मूलन
४) देश को सुरक्षित और सशक्त बनाना
५) देश में कार्य की संस्कृति को आत्मसात करना और श्रम का सम्मान्
६) देश में आत्मविश्वास का महौल पैदा करना
७) देश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानो में नयी सोच और उन्नत सोच का समावेश्
८) वैकल्पिक उर्जा/सस्टेनेबुल उर्जा को साकार करना आदि
अनुनाद जी, जिन उप-उद्देश्यों को आपने सूत्रबद्ध किया है, उनको चिट्ठाकारी के प्रयोजन के साथ कैसे जोड़ा जाए, यही असली मुद्दा है। हम अपनी रोजी-रोटी कमाते हुए, रोजमर्रा की जिंदगी के संघर्षों से जूझते हुए, चिट्ठाकारी के शौक, आदत या व्यवसाय के साथ भारत-2020 के लक्ष्य और उसको हासिल करने के लिए तमाम उप-लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में कैसे आगे बढ़ें, यही हमारे विचार का मुद्दा है।
[...] इस परिवर्तन की नींव शायद पहले ही पड़ चुकी थी - या शायद नियति ही थी. संबल मिला सृजनशिल्पी व रमण के लेख व टिप्पणियों से. [...]
[...] टिप्पणियाँ Bhushan on हिंदी चिट्ठाकारिता के नए दौर का आग़ाज़छींटे और बौछारें » आ अब लौट चलें… onके नवीन आयामपंकज बेंगाणी on हिंदी चिट्ठाकारिता के नए दौर का आग़ाज़जीतू on हिंदी चिट्ठाकारिता के नए दौर काआग़ाज़नीरज दीवान on हिंदी चिट्ठाकारिता के नए दौर का आग़ाज़ [...]
सराहनीय प्रयास अच्छा लगा आपको पढना ..काफी अच्छी अच्छी रचनाएं हैं आपकी.जल्दी ही फिर आना होगा .
Mahatma Gandhi